रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने वर्ष 2026 के लिए विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग ने संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा, सिविल जज, सहायक लोक अभियोजक (APP), फैक्ट्री इंस्पेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर और बॉयलर इंस्पेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं की संभावित तिथियों की घोषणा की है। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार तैयारी शुरू करने और आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर नियमित नजर रखने की सलाह दी है।


जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (रेगुलर-2025) का आयोजन 25, 26 और 27 जुलाई 2026 को किया जाएगा। वहीं संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (बैकलॉग-2023) 1, 2 और 3 अगस्त को तथा संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (बैकलॉग-2025) 8, 9 और 10 अगस्त 2026 को आयोजित होगी।
आयोग के अनुसार सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की लिखित परीक्षा 6 और 7 सितंबर को होगी। सहायक लोक अभियोजक (APP) बैकलॉग परीक्षा 8 से 12 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जबकि नियमित APP परीक्षा 25 से 29 सितंबर तक प्रस्तावित है।
इसके अलावा फैक्ट्री इंस्पेक्टर परीक्षा 11 और 12 सितंबर, प्रोजेक्ट मैनेजर परीक्षा 19 और 20 सितंबर तथा बॉयलर इंस्पेक्टर परीक्षा 26 और 27 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इन सभी परीक्षाओं के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश, प्रवेश पत्र और परीक्षा केंद्र संबंधी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी की जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर है और अपरिहार्य परिस्थितियों में परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।

