फर्जी दस्तावेजों पर जाति प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप, पाकुड़ सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज

Spread the love

पाकुड़: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कथित रूप से जाति प्रमाणपत्र जारी किए जाने के मामले में पाकुड़ के अंचल अधिकारी (सीओ) अरविंद कुमार बेदिया और राजस्व कर्मचारी राकेश भगत के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। पूर्व वार्ड पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त (डीसी) को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नियमों का उल्लंघन करते हुए दो व्यक्तियों के पक्ष में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जाति प्रमाणपत्र जारी किए गए। उनका कहना है कि इस संबंध में 6 मई 2026 को भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कथित रूप से जारी प्रमाणपत्रों को तत्काल रद्द करने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अंचल कार्यालय का घेराव किया जाएगा और न्यायालय की शरण भी ली जाएगी। ज्ञापन पर कई वर्तमान और पूर्व वार्ड पार्षदों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।

वहीं, पाकुड़ अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित दोनों व्यक्तियों को नोटिस जारी कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जाति प्रमाणपत्र प्राप्त करने की पुष्टि होती है, तो नियमों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।