खूंटी: खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र स्थित तिलमा गांव में एक युवक और एक महिला के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सागर पाहन और रंडाय टूटी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों रिश्ते में देवर-भाभी बताए जा रहे हैं।


ग्रामीणों के बीच दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद दोनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला का पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता था। हाल ही में उसके घर लौटने के बाद परिवार में विवाद हुआ था। इसके बाद युवक और महिला के शव मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस पारिवारिक विवाद और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

