खूंटी में तजना नदी किनारे युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

Spread the love

खूंटी: खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी के किनारे शुक्रवार सुबह एक युवती और एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान नेहा कुमारी और लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र निवासी उसके पड़ोसी अरुण कुमार राणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आशंका है कि दोनों की हत्या पुल के ऊपर की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को पुल के नीचे तजना नदी के किनारे फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है।

परिजनों के अनुसार, नेहा कुमारी की बहन की शादी शनिवार को होनी थी। शादी में शामिल होने के लिए नेहा अपने पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ कर्रा थाना क्षेत्र के डोरिया गांव स्थित अपनी ससुराल से बच्चों को लाने गई थी। इसी दौरान दोनों रास्ते में लापता हो गए, जिसके बाद संबंधित थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

घटनास्थल से मिले शादी के निमंत्रण पत्र के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।