चाईबासा पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा आज, 3 केंद्रों पर 1,585 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, प्रशासन अलर्ट

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने रविवार, 12 जुलाई को आयोजित होने वाली पॉलीटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला न्यायालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार चाईबासा शहर में परीक्षा के लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,585 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और सघन जांच सहित सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

मानसून को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि यदि कोई अभ्यर्थी बारिश में भीगकर परीक्षा केंद्र पहुंचे तो उसके लिए कपड़े बदलने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही केंद्रों पर अतिरिक्त छाते और तौलिए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो।

महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वार पर अलग स्क्रीनिंग व्यवस्था और महिला कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर चिकित्सा टीम, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार, स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और निर्बाध बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

उपायुक्त ने सभी दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता किस्टो कुमार बेसरा, अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।