रांची: झारखंड में अगले सप्ताह एक बार फिर मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 14 और 15 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 14 और 15 जुलाई से वर्षा गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 और 15 जुलाई को होने वाली बारिश से राज्य में अब तक दर्ज वर्षा की कमी काफी हद तक दूर हो सकती है। इसके अलावा 15 और 16 जुलाई को भी राज्य के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, वर्षा गतिविधियों में वृद्धि के बाद तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और विभाग द्वारा जारी मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

