सरायकेला में विधानसभा सदाचार समिति की बैठक, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क योजनाओं की हुई समीक्षा

Spread the love

सरायकेला: झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति की बैठक शनिवार को सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं विधायक रामचंद्र सिंह ने की। बैठक शुरू होने से पहले जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रामचंद्र सिंह तथा समिति सदस्य एवं सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक में जिले के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। समिति ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति और आम जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों से जवाब भी मांगा गया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में समिति के सभापति रामचंद्र सिंह ने कहा कि प्रारंभिक समीक्षा में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए हैं। इन मामलों से संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर विस्तृत प्रतिवेदन राज्य सरकार को भी भेजा जाएगा, ताकि समस्याओं का समाधान शीघ्र हो सके।

बैठक में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 25 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 13 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। समिति ने लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और पूरी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रामचंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा सदाचार समिति का उद्देश्य केवल समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बने। समिति सदस्य चंद्रदेव महतो ने भी विभिन्न विभागों से जनहित के मुद्दों पर जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया। समिति ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी लगातार जारी रहेगी तथा जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।