गिरिडीह: सड़क नहीं होने से प्रसव पीड़ा में महिला को 4 किमी खाट पर ले जाना पड़ा, समय पर इलाज से बची जान

Spread the love

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड के उत्तरी पारसनाथ क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। शनिवार सुबह दलवाडीह गांव की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों और ग्रामीणों को उसे करीब चार किलोमीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा। इसके बाद एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाकर उसका उपचार कराया गया, जिससे समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, दलवाडीह गांव निवासी संतोष मुर्मू की पत्नी लोगो टुडू को शनिवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लिटाकर पैदल पिपराडीह स्थित मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां पहले से मौजूद एंबुलेंस के माध्यम से उसे अस्पताल ले जाया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि एक दिन पहले ही उन्होंने उपायुक्त से मिलकर सड़क निर्माण की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। अगले ही दिन यह घटना सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है। रास्ते में महिला की तबीयत भी बिगड़ गई थी, लेकिन अस्पताल में समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।

ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे इलाके की समस्या है। सड़क के अभाव में मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को हर बार ऐसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जिला प्रशासन से क्षेत्र में जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।