सिमडेगा: सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों पर प्रतिबंधित मवेशियों से लदे वाहन को सुरक्षित निकालने के लिए रेकी करने का आरोप है।


एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से प्रतिबंधित मवेशियों से लदा एक वाहन कोलेबिरा क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर रांची-सिमडेगा मुख्य मार्ग स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
देर शाम एक तेज रफ्तार कार वहां पहुंची। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चालक ने बैरिकेड तोड़ दिया और पुलिसकर्मियों को धक्का देते हुए वाहन लेकर गुमला की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया।
वाहन में सवार सादिक खान और साकिब भंडारी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे मवेशियों से लदे वाहन को सुरक्षित निकालने के लिए रेकी कर रहे थे। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

