कोडरमा: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में कोचिंग आने-जाने वाली छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे वीर कुंवर सिंह चौक के पास की बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, पचीसिया गली निवासी 30 वर्षीय अंकित लोहिया पर आरोप है कि वह लंबे समय से कोचिंग आने-जाने वाली छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करता था। इससे छात्राएं काफी परेशान थीं। एक छात्रा ने घर पहुंचकर अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद छात्रा के पिता ने अपने कुछ परिचितों के साथ शनिवार को वीर कुंवर सिंह चौक के पास निगरानी शुरू की। आरोप है कि जैसे ही छात्रा कोचिंग से बाहर निकली, युवक ने फिर से उसके साथ अभद्र टिप्पणी की और उससे छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और प्राप्त शिकायत व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

