हेडलाइन:
जमशेदपुर: परसूडीह के सोपोडेरा में नाले किनारे मिला नरकंकाल, फॉरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज


जमशेदपुर: परसूडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा शांतिनगर इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाले के किनारे मिट्टी में दबा एक नरकंकाल बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर परसूडीह पुलिस मौके पर पहुंची और नरकंकाल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने नाले के किनारे मिट्टी में दबा कुछ संदिग्ध अवशेष देखा। पास जाकर देखने पर वह इंसानी हड्डियां प्रतीत हुईं, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
परसूडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शव पूरी तरह से डीकंपोज हो चुका है और केवल हड्डियां ही बची हैं। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल महिला का है या पुरुष का, तथा यह कितने समय पुराना है।
पुलिस ने नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारण और मृतक की पहचान फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
साथ ही पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज हालिया गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। फिलहाल पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

