सरायकेला (संजीव मेहता): आदित्यपुर के शेरे पंजाब चौक से आदित्यपुर थाना जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जन कल्याण मोर्चा ने आदित्यपुर नगर निगम और जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मोर्चा ने इस संबंध में लिखित शिकायत सौंपते हुए सड़क पर फैली गंदगी, जाम और नाले के गंदे पानी से लोगों को हो रही परेशानी से अधिकारियों को अवगत कराया।


मोर्चा के अनुसार, केडिया पेट्रोल पंप के पास सड़क पर जमा कचरे के कारण आधी सड़क अवरुद्ध हो गई है। वहीं खुले नाले का गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी सड़क पर बहने से राहगीरों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग पर आदित्यपुर थाना, सरकारी अस्पताल, फॉरेस्ट ऑफिस, बिजली कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। इसके अलावा प्रतिदिन बाजार आने-जाने वाले हजारों लोगों को भी इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
जन कल्याण मोर्चा ने नगर आयुक्त और जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क की सफाई, जल निकासी और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन शीघ्र इस मामले में सख्त कदम उठाएगा और आदित्यपुर थाना रोड को सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाएगा।

