चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में सोमवार को दो अलग-अलग रेल हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर हुईं। हादसों में मृतकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने के कारण उनकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जीआरपी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


पहली घटना सोनुआ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुई। जानकारी के अनुसार, अप लाइन से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि शव कई हिस्सों में बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
दूसरी घटना चक्रधरपुर और लोटापहाड़ रेलवे स्टेशनों के बीच बुधीगोड़ा गांव के समीप रेल फाटक के पास हुई। पुलिस के अनुसार, ट्रेन संख्या 20972 शालीमार-उदयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा अप लाइन के पोल संख्या 317/21-27 के पास हुआ। सूचना मिलने पर जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों शवों की हालत अत्यंत खराब होने के कारण पहचान नहीं हो सकी है। मृतकों की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और गांवों से लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

