चतरा: झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी मुख्य बाजार स्थित कलाली रोड पर रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखा करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, कर्णी रोड स्थित आशा ज्वेलर्स के संचालक दिलीप सोनी रोज की तरह रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर लगभग 400 ग्राम सोना और 10 किलोग्राम चांदी के आभूषणों से भरा बैग अपनी बाइक की डिक्की में रखकर घर के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने कुछ देर के लिए कलाली रोड पर बाइक खड़ी की। घर पहुंचकर जब उन्होंने बाइक की डिक्की खोली तो जेवरात से भरा बैग गायब था।
घटना के बाद दिलीप सोनी ने तत्काल इटखोरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बाजार और आसपास के इलाकों में पहले भी चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।
इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बाइक की डिक्की से जेवरात से भरा बैग चोरी होने की शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई है। बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

