जमशेदपुर: शहर के साकची में सोमवार को ब्रजवंदना फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित प्रेस वार्ता में ईएसआईसी गोलमुरी शाखा में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। प्रेस वार्ता में व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और शिकायतकर्ताओं के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।


ब्रजवंदना फाउंडेशन के अध्यक्ष भास्कर कुमार ने आरोप लगाया कि ईएसआईसी गोलमुरी के पूर्व शाखा प्रबंधक सहित कुछ अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बीमाधारकों, श्रमिकों और नियोजकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 से जुलाई 2026 के बीच इस संबंध में केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC), प्रधानमंत्री कार्यालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, राज्यपाल, लोकायुक्त, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सहित अन्य सक्षम प्राधिकारों को शिकायत भेजी गई है।
भास्कर कुमार ने अपने और अपने परिवार पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने ईएसआईसी की सभी सुविधाएं नियमानुसार प्राप्त की हैं और उनके सभी दावों का निपटारा कानूनी प्रक्रिया के तहत हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें और उनके परिवार को मानसिक एवं सामाजिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।
प्रेस वार्ता में मांग की गई कि जिन अधिकारियों का तबादला हो चुका है, उनके कार्यकाल की भी स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक शिकायतकर्ताओं और गवाहों को सुरक्षा प्रदान करने तथा उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं करने की मांग की गई।
प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि ईएसआईसी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। यदि जांच में आरोप गलत साबित होते हैं तो वे उसका सम्मान करेंगे, लेकिन यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

