जमशेदपुर: शहर में बढ़ते अपराध और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार को मांगो थाना परिसर में शांति समिति एवं पुलिस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं को समझना और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना था।


बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी, मांगो थाना के पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं, अवैध नशे के कारोबार, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दे पुलिस के समक्ष रखे।
पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि प्रत्येक सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना किसी भय के पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी ने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इस तरह की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मांगो क्षेत्र से प्राप्त सुझावों के आधार पर अपराधियों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

