जमशेदपुर: गोलमुरी सर्कस मैदान में आयोजित राजधानी सर्कस इन दिनों शहरवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। पिछले शनिवार से शुरू हुए इस रंगारंग आयोजन को पहले ही दिन से दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में पहुंचकर रोमांचक करतबों और मनोरंजक प्रस्तुतियों का आनंद ले रहे हैं।


सर्कस प्रबंधन के अनुसार राजधानी सर्कस का आयोजन 16 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन तीन शो आयोजित किए जा रहे हैं। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट की कीमत 100, 150 और 200 रुपये रखी गई है, ताकि हर वर्ग के लोग अपने परिवार के साथ इस मनोरंजक आयोजन का आनंद उठा सकें।
राजधानी सर्कस में असम, मिजोरम सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षित कलाकार अपने बेहतरीन हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। हवा में रोमांचक स्टंट, संतुलन के अद्भुत करतब, जोकरों की हास्य प्रस्तुति और आधुनिक तकनीक से सजे नए कार्यक्रम दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं। इस बार कई नए आकर्षण भी शामिल किए गए हैं, जो लोगों के उत्साह को और बढ़ा रहे हैं।
राजधानी सर्कस का उद्घाटन समाजसेवी चंद्रगुप्त सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सर्कस प्रबंधन ने शहरवासियों से परिवार और बच्चों के साथ गोलमुरी सर्कस मैदान पहुंचकर इस मनोरंजक आयोजन का आनंद लेने की अपील की है। लगातार बढ़ रही दर्शकों की संख्या को लेकर प्रबंधन भी उत्साहित है।

