उलीडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत उलीडीह ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-33 स्थित सुवर्णरेखा आवासीय कैंप मैदान में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी की योजना बनाई गई।

पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश तथा डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गालूडीह थाना क्षेत्र के सालबनी निवासी आशीष विशोई (31) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से कुल 50 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 2.48 ग्राम है, बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह आदित्यपुर से ब्राउन शुगर लाकर इलाके में बेचने की तैयारी कर रहा था।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस मामले में उलीडीह ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।