जमशेदपुर: बर्मामाइंस क्षेत्र के ईस्ट प्लांट बस्ती, विनोबा आश्रम, धोबी घाट और चूनाभट्ठा के बड़ी संख्या में निवासी मंगलवार को टाटा कंपनी के बर्मामाइंस स्थित वाटर प्लांट पहुंचे और खराब पेयजल व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गंदा और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि नियमित जलापूर्ति भी बाधित है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन 3 से 4 घंटे की देरी से पानी मिलने के कारण नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूषित पानी की आपूर्ति से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान वाटर प्लांट के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनीं और आश्वासन दिया कि पानी की गुणवत्ता और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
हालांकि, क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर गंदे पानी और अनियमित जलापूर्ति की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति के लिए संबंधित विभाग और प्रबंधन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।

