एमजीएम अस्पताल पार्किंग विवाद के बाद बड़ी कार्रवाई, दो होमगार्ड प्रभारी का तबादला

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर के बाहर संचालित पार्किंग व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। होमगार्ड डीएसपी हरिहर सिंह मुंडा ने अस्पताल में तैनात होमगार्ड प्रभारी दिग्विजय पांडेय और पूर्व प्रभारी योगेंद्र शर्मा का तबादला कर उन्हें एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पदस्थापित कर दिया है। दोनों अधिकारियों को सोमवार को स्थानांतरण आदेश जारी किया गया और मंगलवार से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले एमजीएम अस्पताल की पार्किंग से लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर एमजीएम थाना और होमगार्ड जवानों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। आरोप था कि 12 जून की रात थाना प्रभारी ने देर रात होमगार्ड जवानों की परेड कराई और उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। इस पर होमगार्ड प्रभारी दिग्विजय पांडेय ने आपत्ति जताई थी।

बाद में थाना प्रभारी ने पूरे मामले की लिखित सूचना होमगार्ड डीएसपी को भेजते हुए संबंधित जवानों को अस्पताल ड्यूटी से हटाने की मांग की थी। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की समीक्षा की गई और दोनों प्रभारियों का तबादला कर दिया गया।

हालांकि, प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद अस्पताल परिसर के बाहर की पार्किंग व्यवस्था में अब तक कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। मरीजों और उनके परिजनों के वाहन आज भी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की दीवारों के बाहर ही खड़े किए जा रहे हैं। विवाद के बाद एमजीएम थाना ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए अस्पताल परिसर में दो अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी। इसके बाद हाल के दिनों में बाइक चोरी की कोई नई शिकायत सामने नहीं आई है।

वर्तमान में एमजीएम अस्पताल में लगभग 90 होमगार्ड जवान तैनात हैं, लेकिन अब तक उनके लिए नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है। अस्पताल प्रबंधन को भी सोमवार देर रात तक नए प्रभारी के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी। सूत्रों के अनुसार, कई अनुभवी होमगार्ड जवानों को यह जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन अधिकांश ने अतिरिक्त जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।