जमशेदपुर: जुगसलाई के शिव घाट रोड स्थित प्रस्तावित शराब दुकान के खुलने से पहले ही स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को आसपास के मोहल्ले के निवासी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और दुकान में लाई जा रही शराब की खेप को रोक दिया। लोगों ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से दुकान खोलने की अनुमति तत्काल रद्द करने की मांग की।


स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रस्तावित शराब दुकान मंगलवार से शुरू होने वाली थी। जैसे ही इलाके के लोगों को शराब की खेप पहुंचने की जानकारी मिली, वे मौके पर एकत्र हो गए और दुकान तक शराब पहुंचाने वाले वाहनों को रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रस्तावित शराब दुकान से करीब 50 मीटर की दूरी पर सेंट जॉन्स स्कूल स्थित है, जबकि लगभग इतनी ही दूरी पर एक मंदिर भी है। उनका कहना है कि यह पूरी तरह से रिहायशी इलाका है और यहां शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा। साथ ही अपराध और असामाजिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर शराब दुकान खोलने की अनुमति तत्काल वापस ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
फिलहाल स्थानीय लोगों के विरोध के कारण दुकान में शराब की आपूर्ति रोक दी गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि किसी भी कीमत पर रिहायशी इलाके में शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

