जमशेदपुर: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 16 जुलाई को आयोजित होने वाली रथ यात्रा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों के लिए भी रूट डायवर्जन लागू किया गया है।


इस संबंध में उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब तथा ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने संयुक्त आदेश जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
रथ यात्रा के दौरान बिष्टुपुर मुख्य सड़क पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वोल्टास से रीगल गोलचक्कर तक दोनों लेन बंद रहेंगी। वोल्टास से साकची जाने वाले वाहन खरकई रोड, माला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धातकीडीह, लोयोला स्कूल और जुबिली पार्क होकर गुजरेंगे। वहीं साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, माला टंकी, खरकई रोड और वोल्टास गोलचक्कर होकर जाएंगे।
गोलमुरी, आमबागान, मानगो और सुंदरनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रथ यात्रा के दौरान मानगो क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी और जरूरत के अनुसार वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 16 जुलाई को भारी वाहनों के लिए दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी। रथ यात्रा समाप्त होने के बाद शहर में पूर्व निर्धारित नो-एंट्री व्यवस्था फिर से लागू कर दी जाएगी।

