जमशेदपुर: जमशेदपुर सिटी पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को क्षेत्र के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (डीएसपी), पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक के दौरान लंबित कांडों, न्यायालय से जारी वारंटों और कुर्की-जब्ती से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। सिटी एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि इन मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े लंबित मामलों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अपराध समीक्षा बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने के साथ-साथ अवैध हथियारों के तस्करों और नशा कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा लापता व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सीसीटीएनएस (CCTNS), आईसीजेएस (ICJS) और आईसीएचएसएसओ (ICHSSO) जैसे ऑनलाइन पुलिस सिस्टम की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड अपडेट की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सूचनाओं को समय पर अपडेट किया जाए, ताकि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
सिटी एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

