पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन ने मेधावी विद्यार्थियों और युवा प्रतिभाओं का किया सम्मान

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन ने प्रायोजक सरलाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के सहयोग से मंगलवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में ‘समाज के नगीने सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया। समारोह में समाज की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा एवं विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर अग्रवाल समाज और शहर का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य नंदिनी शुक्ला (केरला समाजम) एवं पूर्व प्रधानाचार्य रजनी शेखर (डी.बी.एम.एस., कदमा) रहीं। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2026 में सीए, डॉक्टर, इंजीनियर, सीएस, सीएमए सहित अन्य प्रतिष्ठित व्यावसायिक एवं उच्च डिग्रियां प्राप्त करने वाले युवा प्रतिभाओं को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम का सफल संचालन कविता अग्रवाल, मनीषा संघी, अंजू चेतानी, अंकिता लोधा एवं नेहा चौधरी ने किया। समारोह का नेतृत्व पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’, महासचिव मंटू अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष अजय भालोटिया ने किया।

इस अवसर पर सरलाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के आलोक चौधरी एवं राहुल चौधरी सहित झारखंड प्रांतीय अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष संदीप मुरारका और समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है और समाज में शिक्षा व उत्कृष्टता की संस्कृति को मजबूत बनाता है।