पटमदा में सड़क हादसा, जोड़सा के ग्राम प्रधान समेत दो घायल, ग्राम प्रधान की हालत गंभीर

Spread the love

जमशेदपुर ग्रामीण: पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में जोड़सा गांव के ग्राम प्रधान समेत दो लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना पटमदा स्थित एसबीआई शाखा के समीप हुई, जिसमें ग्राम प्रधान नवीन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जोड़सा गांव निवासी एवं ग्राम प्रधान नवीन सिंह (40) अपने मित्र चंपीर गांव निवासी ब्रजेंद्र कर्मकार (44) के साथ बाइक से बैंक संबंधी कार्य के लिए एसबीआई पटमदा शाखा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में उन्होंने अचानक ब्रेक लगा दिया।

अचानक ब्रेक लगाने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों की मदद की और घटना की सूचना पटमदा पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं ग्राम प्रधान नवीन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेज दिया गया।

पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।