जमशेदपुर ग्रामीण: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत लावा गांव में मंगलवार दोपहर आकाशीय बिजली की घटना में एक महिला गंभीर रूप से प्रभावित हो गई। घर के समीप पेड़ पर बिजली गिरने के बाद तेज धमाके और कंपन से महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय शेफाली कुम्हकार घटना के समय अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में मौजूद थीं। इसी दौरान घर के पास स्थित एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली का तेज प्रभाव घर तक पहुंचा, जिससे शेफाली का संतुलन बिगड़ गया और वह बिस्तर से गिरकर बेहोश हो गईं।
महिला के पति फूलचंद कुम्हकार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए डिमना स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। देर रात तक उन्हें पूरी तरह होश नहीं आया था।
परिजनों ने बताया कि बिजली सीधे घर पर नहीं गिरी थी, बल्कि पास के पेड़ पर गिरी थी। इसके बावजूद उसका प्रभाव घर के अंदर तक महसूस किया गया। राहत की बात यह रही कि उस समय घर में मौजूद अन्य सभी सदस्य सुरक्षित रहे और किसी अन्य को कोई चोट नहीं आई।
फिलहाल चिकित्सक महिला की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, जबकि परिजन उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

