आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। विवाहिता के पति नयन माझी ने आदित्यपुर थाना में पत्नी मुस्कान माझी उर्फ मुस्कान प्रमाणिक के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी को उनके साले संजय प्रमाणिक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं।


गम्हरिया के सतबहिनी, धीरजगंज निवासी नयन माझी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पत्नी 11 जुलाई 2026 से घर से लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
नयन माझी ने शिकायत में आरोप लगाया कि पत्नी के लापता होने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनके साले संजय प्रमाणिक भी उसी समय से गायब हैं। उनका कहना है कि संजय प्रमाणिक की पहले से ही उनकी पत्नी पर गलत नीयत थी और वह कई बार धमकी भरे लहजे में पत्नी को अपने साथ ले जाने की बात कह चुका था।
पति के अनुसार, घटना वाले दिन वह सुबह करीब छह बजे काम पर चले गए थे। शाम को लौटने पर उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी, संजय प्रमाणिक, उसकी पत्नी और अन्य परिजन सतबहिनी स्थित काली मंदिर गए थे। आरोप है कि इसके बाद संजय प्रमाणिक उनकी पत्नी को अपने साथ लेकर चला गया।
नयन माझी ने बताया कि पत्नी के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका फोन बंद मिला। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी लाल रंग की साड़ी पहने हुए थी।
आदित्यपुर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लापता महिला और आरोपी संजय प्रमाणिक की तलाश में जुटी है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

