जमशेदपुर: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास के पवित्र बंधन को और मजबूत करने वाला त्योहार है।


विधायक पूर्णिमा साहू ने इस वर्ष बहनों से स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार की गई स्वदेशी एवं पर्यावरण अनुकूल राखियों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारीगरों तथा महिला समूहों को आर्थिक मजबूती भी मिलेगी।
उन्होंने बहनों से डाक विभाग के माध्यम से राखी भेजने का भी आग्रह किया। उनका कहना था कि स्पीड पोस्ट के जरिए भेजी गई राखी अपने साथ अपनापन और भावनाओं का विशेष संदेश लेकर पहुंचती है। इसलिए जहां संभव हो, बहनों को डाक विभाग की सेवाओं का उपयोग करना चाहिए।
पूर्णिमा साहू ने लोगों से देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करने के लिए उन्हें भी राखी भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारे जवान देश की सुरक्षा के लिए हर समय समर्पित रहते हैं और रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें राखी भेजना उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सार्थक माध्यम हो सकता है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल पारिवारिक पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सम्मान, जिम्मेदारी और आपसी विश्वास का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण त्योहार है।

