जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची सब्जी मंडी में गुरुवार को ट्रक पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद खुदरा सब्जी व्यापारियों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए मंडी बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद मंडी परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।


खुदरा व्यापारियों का आरोप है कि एक गद्दी संचालक पिछले कई दिनों से मंडी जाने वाले मुख्य मार्ग पर ट्रक खड़ा कर वहीं माल उतारता है। इससे आम लोगों और ग्राहकों के आने-जाने में परेशानी होती है। व्यापारियों का कहना है कि रास्ता बाधित रहने से ग्राहकों को उनकी दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत होती है, जिससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
व्यापारियों के अनुसार, जब उन्होंने इस समस्या का विरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद गद्दी संचालक बरबील मंडल और बिट्टू के साथ मौके पर पहुंचा और खुदरा व्यापारियों से विवाद करने लगा। खुदरा व्यापारियों का दावा है कि इसी दौरान तीन से चार दुकानदारों के साथ मारपीट की गई।
घटना के विरोध में साकची सब्जी मंडी के खुदरा व्यापारियों ने मंडी बंद कर दी। व्यापारियों का कहना है कि जब तक आरोपित उनके बीच आकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
व्यापारियों ने प्रशासन से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

