जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर स्थानीय विधायक पूर्णिमा दास साहू ने शुक्रवार को उपायुक्त (डीसी) से मुलाकात की। इस दौरान दिशा समिति की बैठक में उठाए गए मुद्दों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।


बैठक में जेएनएसी (JNAC) परिसर में लंबे समय से पड़े डस्टबिन और वाहनों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा कि लाखों रुपये की लागत से खरीदे गए डस्टबिन और वाहन उपयोग में नहीं आ रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त से इन्हें जल्द यार्ड से निकालकर जरूरत के अनुसार वितरित करने की मांग की, जिस पर प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई। विधायक ने बताया कि टीचर्स कॉलोनी की नाली में ह्यूम पाइप के भीतर कचरा जमा होने से जल निकासी बाधित हो रही है। फिलहाल डीप क्लीनिंग के माध्यम से राहत देने और स्थायी समाधान के लिए आरसीडी नाली निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। इस कार्य में जुस्को के सहयोग की भी बात कही गई।
बैठक में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने बढ़ते क्षेत्रफल को देखते हुए बिरसानगर थाना को दो भागों में विभाजित करने की मांग की, ताकि पुलिस व्यवस्था मजबूत हो और नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इसके अलावा क्षेत्र में नए आधार केंद्र की स्थापना पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने बताया कि सिदगोड़ा टाउन हॉल अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर आधार केंद्र शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
बैठक के अंत में विधायक पूर्णिमा दास साहू ने प्रशासन और नागरिकों से शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में संयुक्त जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।

