चतरा: हंटरगंज थाना क्षेत्र के जाजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से बरामद युवती दिव्या कुमारी के शव मामले का चतरा पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एसडीपीओ सनी वर्धन ने बताया कि दिव्या का बिहार के शेरघाटी निवासी राहुल यादव के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच विवाद होने के बाद दिव्या ने राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई वर्तमान में न्यायालय में चल रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल लगातार दिव्या पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था।


पुलिस के अनुसार, जब दिव्या ने मुकदमा वापस लेने से इनकार कर दिया, तब राहुल ने उसकी गवाही रुकवाने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची। आरोप है कि उसने गया जिले के बांके बाजार निवासी नेपाली गंजू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिव्या की हत्या कराने की योजना बनाई।
जांच में खुलासा हुआ कि नेपाली गंजू ने दिव्या की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान और सबूत मिटाने की नीयत से शव को चतरा जिले के जाजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया।
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नेपाली गंजू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दी हैं।
एसडीपीओ सनी वर्धन ने बताया कि हत्या का मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

