जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में नवनियुक्त सहायक शिक्षकों के लिए अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन एवं उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने शिक्षकों को पदस्थापन पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि कठिन परिश्रम के बाद मिली इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि समाज और देश के भविष्य का निर्माण भी करते हैं। इसलिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और नैतिक मूल्यों के संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि नवनियुक्त शिक्षकों के पेशेवर जीवन की नई शुरुआत हो रही है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आग्रह किया कि चाहे उनकी नियुक्ति शहरी क्षेत्र में हो या ग्रामीण क्षेत्र में, वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन शिक्षकों के सहयोग और आवश्यक मार्गदर्शन के लिए हर स्तर पर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को विद्यालय संचालन, विभागीय कार्यप्रणाली, शैक्षणिक दायित्वों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपायुक्त ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवा करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

