कपाली के रहमत नगर में एक ही रात दो घरों में चोरी, नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या-15 के रहमत नगर में एक ही रात हुई दो चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, जबकि पास के एक अन्य घर से किराये के लिए रखी नकदी चोरी होने की भी सूचना है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।

पीड़ित मोहम्मद अफजल ने बताया कि उनका नया मकान निर्माणाधीन है, इसलिए घर का सामान पास के एक किराये के मकान में रखा गया था। गुरुवार रात पूरा परिवार नए मकान में सो रहा था। शुक्रवार सुबह जब वह किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए और करीब 32 हजार रुपये नकद के साथ 40 से 45 हजार रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में सोने की बालियां, अंगूठियां तथा चांदी की पायल सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।

इसी रात इलाके में एक अन्य घर से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लगातार दो चोरी की घटनाओं से लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।