आदित्यपुर: आदित्यपुर बस मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के लगभग 200 कर्मचारियों ने पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में शुक्रवार को कंपनी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार वेतन भुगतान का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक उनके खातों में राशि नहीं भेजी गई है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।


प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि वे मई और जून 2026 के बकाया वेतन का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि हर बार वेतन भुगतान की नई तारीख बताकर मामला टाल दिया जाता है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल वेतन भुगतान चाहिए।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार चलाने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, कंपनी प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों के नाम एक नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि मई और जून 2026 के वेतन बकाया के विरुद्ध 15 जुलाई 2026 तक आंशिक भुगतान करने का निर्णय लिया गया है, ताकि कर्मचारियों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए अस्थायी आर्थिक सहायता मिल सके।
कंपनी प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन और मानगो नगर निगम से कंपनी के लंबित बिल प्राप्त होने के बाद शेष बकाया वेतन का भुगतान किया जाएगा।
फिलहाल कर्मचारी पूर्ण वेतन भुगतान की मांग पर अड़े हुए हैं और मामले का समाधान नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

