धनबाद में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

Spread the love

धनबाद: धनबाद पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश रच रहे एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोई ने प्रेस वार्ता में दी।

डीएसपी ने बताया कि 15 जुलाई की शाम सूचना मिली थी कि हीरक रोड स्थित आठ लेन के पास भूचुंगटांड़ में एक बंद मकान के निकट दो अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। इस दौरान भागते समय गिर जाने से मोनू कुमार यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

तलाशी के दौरान मोनू कुमार यादव की कमर से “MADE IN USA” अंकित एक अवैध लोडेड पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल की मैगजीन से KF 7.65 अंकित तीन जिंदा कारतूस भी मिले। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी ने फरार साथी की पहचान चिरकुट संजय, निवासी ईस्ट बासुरिया, के रूप में की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोनू वर्ष 2025 में भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।

भूली ओपी में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।