कपाली पुलिस ने बोलेरो से तीन गायें बरामद कीं, चालक वाहन छोड़कर फरार

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से तीन गायें बरामद की हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन (OR09Q-3887) में मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने पुदीसिल्ली क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर कपाली की ओर भागने लगा।

पुलिस ने वाहन का पीछा किया। इसी दौरान चालक एक मोहल्ले के पास पहुंचा और अंधेरे का फायदा उठाकर बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से वाहन को अपने कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान बोलेरो से तीन गायें बरामद हुईं, जिन्हें सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया।

कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।