जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की मौजूदगी में बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में आयोजित जनता दल (यू) और मैंगो जन सुविधा समिति की बैठक में मैंगो नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि विकास योजनाओं में देरी, खराब सफाई व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर कथित उदासीनता के विरोध में 27 जुलाई को मैंगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना दिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


बैठक में बताया गया कि मैंगो नगर निगम क्षेत्र में लगभग 12.13 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाएं अब तक लंबित हैं। इनमें 32 योजनाओं और दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास हो चुका है। वहीं, बाढ़ राहत के लिए 2.44 करोड़ रुपये की लागत से चार बड़े नालों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार की निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद एजेंसी की नियुक्ति के बाद भी कार्य शुरू नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि मैंगो के प्रत्येक वार्ड में दो सदस्यीय समितियों का गठन किया जाएगा, जो स्थानीय समस्याओं की निगरानी कर उनके समाधान की दिशा में कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि जनता दल (यू) के कार्यकर्ता और जन सुविधा समिति संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई, निरीक्षण और उनकी वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगे, ताकि जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में मैंगो क्षेत्र में बढ़ते अपराध, विधायक सरयू राय के बयान को कथित रूप से गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने तथा उनके पुतला दहन मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उलियानडीह (उलीडीह) थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जनता दल (यू) नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम के साथ-साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।

