FCI गोदाम पुनर्गठन के विरोध में मजदूरों का प्रदर्शन, राशन उठाव ठप कर रोजगार बचाने की उठाई मांग

Spread the love

जमशेदपुर: केंद्र सरकार के निर्देश पर एफसीआई गोदामों के पुनर्गठन के विरोध में शुक्रवार को बर्मामाइंस स्थित एफसीआई गोदाम के बाहर मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट पर धरना देकर कुछ समय के लिए राशन उठाव पूरी तरह रोक दिया, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण का कार्य प्रभावित हुआ।

नई व्यवस्था के तहत अब पीडीएस डीलर सीधे एफसीआई गोदाम से राशन उठाएंगे। इसके साथ ही साकची, करनडीह और बर्मामाइंस स्थित तीन एफसीआई गोदामों की व्यवस्था को समेटकर केवल बर्मामाइंस गोदाम से ही राशन वितरण करने का निर्णय लिया गया है।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि इस फैसले से तीनों गोदामों में वर्षों से माल ढुलाई का कार्य कर रहे करीब 60 मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि लंबे समय से इसी काम से उनके परिवार का भरण-पोषण होता रहा है और नई व्यवस्था लागू होने से उनकी आजीविका प्रभावित होगी।

मजदूरों ने सरकार से एफसीआई गोदामों के पुनर्गठन के फैसले पर पुनर्विचार करने, रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित श्रमिकों के लिए वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।