जमशेदपुर: परसूडीह थाना क्षेत्र के सालगाजड़ी स्थित एसकेबीओएस कंपनी के माध्यम से राजस्थान काम करने गए करीब 63 मजदूरों ने मजदूरी नहीं मिलने का आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि वर्ष 2023 में उन्हें काम के लिए राजस्थान भेजा गया था, जहां उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।


मजदूरों के अनुसार, राजस्थान में काम के दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई। जब उन्होंने अपनी बकाया मजदूरी की मांग की तो उन्हें यह कहकर वापस जमशेदपुर भेज दिया गया कि यहां आने के बाद उनका भुगतान कर दिया जाएगा।
मजदूरों का आरोप है कि जमशेदपुर लौटने के बाद भी उन्हें अब तक उनकी मजदूरी नहीं मिली है। वे वर्ष 2023 से लगातार अपनी बकाया राशि के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय और उपायुक्त (डीसी) कार्यालय में भी शिकायत की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
मजदूरों ने बताया कि वे अपनी शिकायत लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय भी पहुंचे थे, जहां उन्हें बताया गया कि मामला राजस्थान से संबंधित है, इसलिए स्थानीय स्तर पर कार्रवाई संभव नहीं है।
मजदूरों ने प्रशासन से उनकी बकाया मजदूरी दिलाने और कथित रूप से उनके साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

