घरेलू विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की टांगी से वार कर हत्या, आरोपी फरार

Spread the love

गुमला: जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित महदनिया टोला में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार शाम बड़े भाई सुरेंद्र उरांव पर अपने छोटे भाई 35 वर्षीय तिवारी उरांव पर टांगी से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की बेटी अनीशा ने बताया कि उसके बड़े पिता सुरेंद्र उरांव का किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और रसोई में जाकर गैस पाइप खोलकर गैस चालू कर दी। इसी दौरान शोर सुनकर तिवारी उरांव बीच-बचाव के लिए वहां पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, इसी दौरान गुस्से में सुरेंद्र उरांव ने टांगी से तिवारी उरांव के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना देर शाम पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी सुरेंद्र उरांव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।