आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र के एलआईजी रो-हाउस संख्या-40 में कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) पार्सल पहुंचाने गए एक डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित अमित प्रधान ने शुक्रवार को आरआईटी थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, अमित प्रधान निर्धारित पते पर सीओडी पार्सल की डिलीवरी करने पहुंचे थे। डिलीवरी प्रक्रिया के तहत उन्होंने पहले भुगतान करने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर घर के एक सदस्य के साथ उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
अमित प्रधान का आरोप है कि घर के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की, कॉलर पकड़कर धक्का दिया और थप्पड़ भी मारा। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो उनका मोबाइल छीन लिया गया। आरोप है कि मोबाइल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और उसमें रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी डिलीट कर दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि वह केवल अपनी ड्यूटी निभा रहे थे और सामान सौंपने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भुगतान लेना चाहते थे। वहीं, संबंधित परिवार के सदस्य ने भी डिलीवरी बॉय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

