जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को 34.7 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के अरवल जिले के इमामगंज निवासी अमित कुमार तथा गोपालगंज जिले के यादवपुर क्षेत्र के निवासी बबलू सिंह और अजीत कुमार शुक्ला के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हावड़ा–जगदलपुर एक्सप्रेस से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे। यहां से उन्हें दूसरी ट्रेन के जरिए बिहार जाना था, जहां इस खेप की डिलीवरी की जानी थी।
आरपीएफ की फ्लाइंग स्क्वाड को सूचना मिली थी कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी के उद्देश्य से मौजूद हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीनों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 34.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में किसे सौंपी जानी थी। साथ ही इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

