गम्हरिया में युवक की हत्या से सनसनी, एसडीपीओ बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे सभी आरोपी

Spread the love

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया अंतर्गत बोलायडीह थाना क्षेत्र में स्थित शीता मंदिर के पास शनिवार दोपहर करीब 1 बजे जगन्नाथ उर्फ काला नामक युवक की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना से जुड़ा एक बेहद भावुक पहलू भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक जगन्नाथ का एक छोटा बच्चा है। बच्चे की मां का पहले ही निधन हो चुका था। मां के निधन के बाद जगन्नाथ अकेले ही अपने बच्चे की परवरिश कर रहा था, लेकिन अब इस घटना के बाद बच्चे के सिर से पिता का साया भी उठ गया है।

मौके का निरीक्षण करने के बाद एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना के पीछे की परिस्थितियों की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सन्नाटा का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

मीडिया द्वारा मृतक के किसी संभावित आपराधिक इतिहास के बारे में पूछे जाने पर एसडीपीओ ने इस संबंध में कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।