जामताड़ा में महिला से पिस्तौल की नोक पर छेड़छाड़ का आरोप, 12 नामजद के खिलाफ केस दर्ज

Spread the love

जामताड़ा: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कमलपुरा गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि कई लोगों ने जबरन उसके घर में घुसकर पिस्तौल की नोक पर उसके साथ छेड़छाड़ की, मारपीट की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर नारायणपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता नसीबा खातून, निवासी कमलपुरा, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 13 मार्च को कई लोग अचानक उसके घर में घुस आए। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 333, 126(2), 76, 351, 352, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

एफआईआर में आजाद अंसारी, श्यामुद्दीन अंसारी, महमूद अंसारी, नजरूल अंसारी, जैनुल अंसारी, अनुल अंसारी, अनारुल अंसारी, समीम अंसारी, महबूब अंसारी, इरशाद अंसारी, वारिश अंसारी और हबीबुल्लाह को नामजद आरोपी बनाया गया है।

नारायणपुर थाना के अनुसार, मामले की जांच की जिम्मेदारी अनुसंधानकर्ता सब-इंस्पेक्टर (एसआई) साकेत प्रताप देव को सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी या न्यायिक हिरासत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।