मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के तहत 5 लाभुकों को मिला सूकर पालन यूनिट, स्वरोजगार पर जोर

Spread the love

सरायकेला: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को कुचाई प्रखंड में मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड स्तरीय अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में चयनित पांच लाभुकों के बीच सूकर पालन यूनिट का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण परिवारों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य पशुपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।

अधिकारियों ने लाभुकों को यूनिट सौंपने के साथ ही वैज्ञानिक तरीके से सूकर पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक पद्धति के बजाय आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर पशुओं का बेहतर रखरखाव किया जाए, ताकि योजना का अधिकतम लाभ मिल सके और आय में निरंतर बढ़ोतरी हो।

कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष निर्देश दिए गए। उन्हें लाभुकों के क्षेत्रों का नियमित दौरा करने, तकनीकी मार्गदर्शन देने तथा पशुपालन से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं और सहयोग समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।