सोनम वांगचुक के समर्थन में आप का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर समाहरणालय परिसर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में पार्टी के जिला पदाधिकारियों के साथ विधानसभा, प्रखंड एवं नगर इकाइयों के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था, लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में सोनम वांगचुक की लोकतांत्रिक मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा नीट परीक्षा से जुड़े विवादों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, शिक्षा, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता की आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने प्रदर्शन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।