नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी पर केंद्र सरकार पर बरसी भाकपा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की सिंहभूम जिला इकाई ने सोमवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में नीट परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी के जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है और देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट में है।

अंबुज ठाकुर ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक शिक्षा सुधार और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पिछले 20 दिनों से जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें जबरन हटाकर छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।

उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उनका कहना था कि अब तक इस्तीफा नहीं दिया जाना इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है।

भाकपा जिला सचिव ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य मुद्दों में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के हितों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

अंबुज ठाकुर ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शिक्षा, रोजगार, महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी इन सवालों को लेकर सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक आंदोलन चलाएगी।

प्रेसवार्ता में जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर के साथ मंडल सदस्य धनंजय शुक्ला, वरिष्ठ नेता शशि कुमार तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।