जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के कुँवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 में पाइपलाइन इंटरकनेक्शन कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को नई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार को ज्ञापन सौंपकर पाइपलाइन से हो रहे लगातार जल रिसाव, टूटी स्लैब और अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।


सुनील गुप्ता ने बताया कि इंटरकनेक्शन के बाद करीब 50 घरों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है, लेकिन पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है। सड़क पर लगातार पानी बहने से जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान तोड़ी गई स्लैब की अब तक मरम्मत नहीं की गई है। इसके अलावा खुदाई के बाद सड़क और आसपास के हिस्से को भी पूर्ववत नहीं किया गया है। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है और लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
पंचायत समिति सदस्य ने मांग की कि पाइपलाइन के रिसाव को तत्काल ठीक किया जाए, क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत की जाए तथा खुदाई वाले हिस्से को जल्द कंक्रीट कर पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित संवेदक को ब्लैकलिस्ट कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने सिविल अभियंता आशुतोष को अधूरे कार्य को तत्काल पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

