14 सितंबर से हिंदू पीठ में तीन दिवसीय गणेश महोत्सव, तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के प्रमुख आस्था केंद्र हिंदू पीठ परिसर में इस वर्ष भी गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को हिंदू पीठ में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिंदू पीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह ने की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर 2026 से होगा। महोत्सव के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, महाप्रसाद वितरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि इस बार गणेश महोत्सव को और अधिक व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में शहर के युवा, महिलाएं, पुरुष एवं वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हो सकें। उन्होंने बताया कि तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रत्येक बुधवार को बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में हिंदू पीठ परिसर के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, महाप्रसाद वितरण, भीड़ नियंत्रण तथा पार्किंग व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सुरक्षा प्रमुख सोमनाथ सिंह को सौंपी गई।

हिंदू पीठ के महासचिव दिलजय बोस ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और यह महोत्सव समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सकारात्मक संदेश को बढ़ावा देगा। वहीं संरक्षक रामनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में अध्यक्ष अरुण सिंह, महासचिव दिलजय बोस, संरक्षक रामनाथ सिंह, विजय मिश्रा, सुधीर सिंह, महिला शाखा की कार्यकारी अध्यक्ष ज्योत्सना सरकार, सुरक्षा प्रमुख सोमनाथ सिंह सहित सुमित सिंह, संजीव पाठक, शंकर कुमार, सोनू चौबे, चंदन कुमार, रंजीत सिंह, संजीव कुमार, दीपक कुमार, धरंजय सिंह, विशाल सिंह, प्रितेश कुमार, सुशील सिंह, सुनील पांडेय, नकुल यादव, अरविंद यादव, गोलू कुमार सिंह, पीयूष कुमार, रितेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। आयोजकों ने शहरवासियों से 14 सितंबर से शुरू होने वाले धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।