जमशेदपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को विशेष सहायता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने, उसे भरने में सहायता, प्रपत्र जमा कराने, डिजिटाइजेशन एवं मैपिंग का कार्य किया गया।


विशेष सहायता शिविर के अंतिम दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मानपीटा, घोड़ाबांधा और बर्मामाइंस क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं को दी जा रही सहायता का जायजा लिया तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष सहायता शिविरों का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को गणना प्रपत्र भरने और जमा करने में हर संभव सहयोग उपलब्ध कराना था। उन्होंने उन मतदाताओं से अपील की, जिन्होंने अभी तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के माध्यम से हस्ताक्षर सहित जमा नहीं किया है, वे बिना विलंब ऐसा करें, ताकि डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा हो सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में पंजीकृत सभी मतदाताओं तक बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। समयबद्ध तरीके से प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सभी मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान ईआरओ सहायक अपर समाहर्ता अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित रहे।

